चक्रधरपुर। चक्रधरपुर रेल मंडल में रेलवे की ओर से किए जा रहे विकास कार्यों और हाथियों की आवाजाही के कारण यात्रियों की परेशानी बढ़ने वाली है। रेलवे ने टाटानगर से चाकुलिया, हटिया, बड़बिल, गुवा और बरकाकाना जाने वाली पांच मेमू ट्रेनों को 30 नवंबर तक रद्द कर दिया है। कोहरे और रेल लाइन पर चल रहे काम को भी इसका कारण बताया गया है।
इन ट्रेनों के रद्द होने से कोल्हान और ओडिशा के हजारों यात्रियों को परेशानी होगी। इसके अलावा झारसुगुड़ा में ब्लॉक और राजखरसावां-सीनी रेलखंड पर काम के कारण कई अन्य ट्रेनें भी अलग-अलग तारीखों में रद्द रहेंगी या बदले हुए मार्ग से चलेंगी।
Read more : सीएम हेमंत सोरेन ने नवदंपती को दी शुभकामनाएं, परिवार से की मुलाकात
साउथ बिहार और उत्कल एक्सप्रेस टाटानगर नहीं आएंगी
रेलवे के अनुसार, आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस 26 नवंबर के अलावा 3, 10, 17, 24 और 31 दिसंबर तथा 7 और 14 जनवरी 2027 को बदले हुए मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन चांडिल से कांड्रा और सीनी होकर दुर्ग जाएगी। इस दौरान टाटानगर स्टेशन नहीं आएगी।
इसी तरह ऋषिकेश-पुरी उत्कल एक्सप्रेस 24 और 30 नवंबर के अलावा 7, 14, 21 और 28 दिसंबर तथा 4 और 11 जनवरी को बदले मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन झारसुगुड़ा से संबलपुर और कटक होकर पुरी जाएगी। इस दौरान टाटानगर में इसका ठहराव नहीं होगा।
30 जोड़ी ट्रेनों का परिचालन होगा प्रभावित
चक्रधरपुर रेल मंडल में दो स्थानों पर लाइन ब्लॉक के कारण 24 नवंबर से 16 जनवरी तक टाटानगर से गुजरने वाली 30 जोड़ी ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। वहीं, मंडल से होकर चलने वाली करीब 90 जोड़ी ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों में रद्द किया जाएगा।
इसका असर हावड़ा, मुंबई, पुणे, बिहार, बंगाल और ओडिशा जाने वाले यात्रियों पर पड़ेगा। लोकल ट्रेनों के परिचालन में भी बदलाव किया गया है।
कई लंबी दूरी की ट्रेनें भी रद्द रहेंगी
झारसुगुड़ा यार्ड के विस्तार और राजखरसावां-सीनी रेलखंड पर काम के कारण कई लंबी दूरी की ट्रेनें भी प्रभावित होंगी।
टाटा-इतवारी, बिलासपुर, चाईबासा, चक्रधरपुर, बड़बिल, गुवा, राउरकेला, हावड़ा, जूनागढ़ और कांटाबांजी मार्ग की ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। मुंबई, पुणे, नांदेड़, भुज और उदयपुर जाने वाली कुछ ट्रेनें भी अलग-अलग तारीखों में रद्द रहेंगी।
टाटा-एर्नाकुलम और यशवंतपुर एक्सप्रेस का बदलेगा मार्ग
टाटानगर-एर्नाकुलम एक्सप्रेस 11 से 15 दिसंबर तक बदले हुए मार्ग से चलेगी। वहीं, यशवंतपुर-टाटानगर एक्सप्रेस 13 दिसंबर को परिवर्तित मार्ग से चलेगी। दोनों ट्रेनें चाईबासा के रास्ते टाटानगर पहुंचेंगी।
इसके अलावा बिलासपुर-बक्सर एक्सप्रेस 11 और 12 दिसंबर को दोनों दिशाओं में रद्द रहेगी।
यात्रियों की बढ़ेगी परेशानी
लगातार ट्रेनों के रद्द होने और मार्ग बदलने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। खासकर रोजाना लोकल ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ेगा। यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का समय और परिचालन की स्थिति जरूर जांच लें।




