रांची: झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने राज्यभर में काम कर रहे 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों की समस्याओं, वेतन में कटौती और भुगतान में देरी का मुद्दा उठाया। संघ ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर सम्मान फाउंडेशन कंपनी की कार्यप्रणाली की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
फरवरी 2025 से वेतन में कटौती का आरोप
संघ ने राज्यपाल को बताया कि फरवरी 2025 से कर्मचारियों के वेतन में कटौती की जा रही है। इसके अलावा ईपीएफ और ईएसआई के भुगतान में भी अनियमितता और मनमानी की शिकायत की गई है। संघ के अनुसार अगस्त, सितंबर और अक्टूबर 2026 का वेतन भी कर्मचारियों को नहीं मिला है।
Read more : IG शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने किया आधुनिक रिकॉर्ड रूम का उद्घाटन, पुलिस को मिलेगी राहत
150 से 170 एम्बुलेंस लंबे समय से खराब
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि राज्यभर में करीब 150 से 170 एम्बुलेंस लंबे समय से खराब पड़ी हैं। इसके कारण लगभग 600 से 680 कर्मचारी ड्यूटी से वंचित हैं। संघ ने इन कर्मचारियों को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत काम देने की मांग की है।
कंपनी के कामकाज की जांच कराने की मांग
संघ ने सम्मान फाउंडेशन कंपनी के कामकाज पर सवाल उठाते हुए कहा कि वेतन भुगतान के नाम पर कंपनी की ओर से दिए गए दस्तावेजों की जांच होनी चाहिए। साथ ही खराब एम्बुलेंस के संचालन के नाम पर सरकारी भुगतान लेने से जुड़े मामलों की भी जांच कराने की मांग की गई।
अनुबंध रद्द होने के बाद भी कंपनी कर रही संचालन
संघ के प्रतिनिधियों ने राज्यपाल को बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने 25 मई 2026 को सम्मान फाउंडेशन कंपनी का अनुबंध रद्द कर दिया था। इसके बावजूद कंपनी से अब तक एम्बुलेंस सेवा का संचालन कराया जा रहा है। संघ ने इस पूरे मामले की जांच कराने का आग्रह किया।
बकाया वेतन और अन्य राशि का भुगतान हो
राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन में संघ ने कर्मचारियों का बकाया वेतन और अन्य देय राशि जल्द भुगतान कराने की मांग की। इसके अलावा ड्यूटी से वंचित कर्मचारियों को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत काम देने और कंपनी की वित्तीय अनियमितताओं की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग उठाई गई।
कर्मचारियों के हक के लिए जारी रहेगा संघर्ष: नीरज तिवारी
संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी ने कहा कि 108 एम्बुलेंस कर्मचारी दिन-रात लोगों को आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं देते हैं। इसके बावजूद उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को न्याय दिलाने और उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान कराने के लिए संघ लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपना संघर्ष जारी रखेगा।
प्रतिनिधिमंडल में ये सदस्य रहे शामिल
राज्यपाल से मुलाकात के दौरान संघ के प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी, धनबाद जिला सचिव रविंद्र कुमार शर्मा, एम्बुलेंस कर्मचारी संघ एवं भारतीय मजदूर संघ के प्रभारी सह प्रदेश मंत्री रमाशंकर प्रसाद, रांची जिला मंत्री सुबोध कुमार यादव और विकास तिवारी मौजूद रहे।




