रांची। राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में आठ और नौ अक्टूबर को वज्रपात के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। इसे लेकर मौसम विभाग की ओर से बुधवार को येलो अलर्ट जारी किया गया है।
यह भी पढ़े : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को रावण दहन कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता
इधर, विभाग की ओर से बुधवार को राज्य के उत्तर-पूर्वी और इससे सटे मध्यवर्ती जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। साथ ही मौसम विभाग की ओर से आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री के गिरावट होने की संभावना व्यक्त की गई है।
वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश धनबाद जिले के तोपचांची में 113.4 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। वहीं बुधवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद बादल छाए रहे। देर शाम तक बारिश होने की संभावना है।
वहीं, बुधवार को रांची में अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री और न्यूनतम 18.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 34.4 डिग्री और न्यूनतम 21.5 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 32.4 और न्यूनतम 21.6 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 32.2 डिग्री और न्यूनतम 21.5 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।


