रांची। झारखंड की राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में 20 और 21 नवंबर को कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, 20 नवंबर को राज्य के दक्षिणी हिस्से के कुछ इलाकों में, जबकि 21 नवंबर को नौ जिलों में भारी बारिश हो सकती है। भारी बारिश की आशंका वाले जिलों में रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, लातेहार और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में फिर तीन से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।
इधर, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में अधिकतम तापमान कोडरमा में 33.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लातेहार में 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मंगलवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह कुहासा छाया रहा। हालांकि, बाद में मौसम साफ हो गया और धूप खिली रही। दोपहर की हल्की गुनगुनी धूप अब लोगों को सुहाने लगी है।
मंगलवार को रांची में अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 30.8 और न्यूनतम 18.8 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 31.2 और न्यूनतम 16.7 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 28.5 और न्यूनतम 15.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 30.8 और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।





