पलामू: जिले के पांडू बाजार स्थित मां भगवती ज्वेलर्स दुकान में चोरों ने लाखों रुपए के आभूषणों की चोरी कर ली। चोर दुकान की पिछली दीवार तोड़कर अंदर घुसे और गहने लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही बाजार के व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। चोरी के विरोध में गुरुवार को व्यवसायियों ने सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
दीवार तोड़कर दुकान में घुसे चोर
जानकारी के अनुसार, चोरों ने मां भगवती ज्वेलर्स दुकान को निशाना बनाया। वे दुकान की पिछली दीवार तोड़कर अंदर घुसे और लाखों रुपए के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना का पता चलने के बाद बाजार के अन्य दुकानदार भी मौके पर जुट गए। चोरी की इस घटना से व्यापारियों में डर और नाराजगी है।
ज्वेलर्स दुकानों में तीसरी बार हुई चोरी
व्यवसायियों का कहना है कि पांडू बाजार में ज्वेलर्स दुकानों में चोरी की यह तीसरी घटना है। लगातार हो रही चोरी से दुकानदारों में असुरक्षा का माहौल है। व्यापारियों ने पुलिस की रात्रि गश्ती पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि अगर रात में पुलिस की गश्ती ठीक से होती तो इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सकती थी।
गुस्साए व्यापारियों ने गुरुवार को सड़क जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने अब तक हुई चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।
थाना प्रभारी ने दिया कार्रवाई का भरोसा
सड़क जाम की सूचना मिलने पर पांडू थाना प्रभारी विगेश कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यवसायियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। थाना प्रभारी ने भरोसा दिलाया कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही बाजार में पुलिस की रात्रि गश्ती बढ़ाई जाएगी।
पुलिस के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने अपनी मांगों को लेकर बातचीत की। फिलहाल पुलिस चोरी की घटना की जांच में जुटी है।




