धनबाद। जगजीवन नगर स्थित नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित विशेष दिव्यांग स्कूल ‘पहला कदम’ में शुक्रवार को बीसीसीएल के निदेशक (कार्मिक एवं मानव संसाधन सह वित्तीय निदेशक) राजेश कुमार अपनी पत्नी नीता कुमार के साथ पहुंचे। नीता कुमार बीसीसीएल की महिला समिति दीक्षा महिला मंडल की उपाध्यक्ष हैं।
स्कूल पहुंचने पर अतिथियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने स्कूल की विभिन्न गतिविधियों को देखा और दिव्यांग बच्चों को दी जा रही शिक्षा, प्रशिक्षण और पुनर्वास कार्यों की जानकारी ली।
राजेश कुमार ने बच्चों की प्रतिभा और मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। ऐसे प्रयास बच्चों को आगे बढ़ने और समाज में अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
बच्चों को आत्मनिर्भर बनाना पहला कदम का उद्देश्य
स्कूल की सचिव अनीता अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने स्कूल की ओर से दिव्यांग बच्चों की शिक्षा, सर्वांगीण विकास और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि पहला कदम का उद्देश्य केवल बच्चों को शिक्षा देना नहीं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास पैदा कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे समाज में सम्मान के साथ जीवन जी सकें। स्कूल का प्रयास है कि हर बच्चे की प्रतिभा को पहचानकर उसे आगे बढ़ने का अवसर दिया जाए।
इस मौके पर स्कूल के सुपरवाइजर कौशल अग्रवाल भी मौजूद रहे। बच्चों के लिए विशेष नाश्ते की व्यवस्था की गई थी। बच्चों ने इडली, डोसा और फ्रूटी का आनंद लिया।
कार्यक्रम के अंत में स्कूल की ओर से राजेश कुमार और नीता कुमार को शॉल ओढ़ाकर तथा स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।




