जामताड़ा: जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से आठ मोबाइल फोन और 13 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी ऑनलाइन वाहन चालान, फर्जी बैंक अधिकारी और कैशबैक का झांसा देकर लोगों से ठगी करते थे।
पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने बताया कि साइबर अपराध पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में छापेमारी टीम बनाई गई। टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के देवलबाड़ी, नारायणपुर थाना क्षेत्र के बिष्टुपुर और जामताड़ा थाना क्षेत्र के सोनबाद गांव में छापेमारी कर चार लोगों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवलबाड़ी निवासी समरेश मंडल (25), प्रल्हाद कुमार मंडल (26), बिष्टुपुर निवासी खगन दां (22) और सोनबाद निवासी उत्तम नाग (37) के रूप में हुई है।
फर्जी चालान के नाम पर भेजते थे संदेश
पुलिस के मुताबिक, समरेश मंडल और प्रल्हाद कुमार मंडल लोगों को ऑनलाइन वाहन चालान के नाम पर व्हाट्सऐप पर फर्जी संदेश भेजते थे। इन संदेशों के साथ संदिग्ध मोबाइल फाइल भी भेजी जाती थी। आरोप है कि इसके जरिए लोगों की निजी जानकारी हासिल कर ठगी की जाती थी।
वहीं, खगन दां पर फर्जी बैंक अधिकारी बनकर लोगों को फोन करने का आरोप है। वह लोगों से एटीएम कार्ड का नंबर, सुरक्षा कोड और ओटीपी जैसी जानकारी लेकर उनके बैंक खातों से रुपये निकालता था।
कैशबैक का लालच देकर करता था ठगी
पुलिस के अनुसार, उत्तम नाग फोनपे पर 2,999 रुपये का कैशबैक मिलने का फर्जी संदेश भेजकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। इसके जरिए वह लोगों से ठगी करता था।
आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं मामले
पुलिस ने बताया कि समरेश मंडल के खिलाफ साइबर अपराध थाना में पहले से कांड संख्या 35/22 दर्ज है। वहीं, खगन दां के खिलाफ कांड संख्या 70/21 और 56/25 में प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों का नेटवर्क देश के अलग-अलग राज्यों तक फैला हुआ था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस अवर निरीक्षक नितेश कुमार और सहायक अवर निरीक्षक हीरालाल महतो समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
एसपी शंभू कुमार सिंह ने लोगों से अनजान नंबरों से आने वाले संदेश और लिंक से सावधान रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि फर्जी चालान और कैशबैक के लालच में न आएं और बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।




