डोमचांच (कोडरमा): डोमचांच थाना क्षेत्र के महेशपुर-सतगावां मुख्य मार्ग पर बेहराडीह के पास शुक्रवार को बस और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर तक आवागमन बाधित रहा।
आमने-सामने हुई बस और बाइक की टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार, यादव डिलेक्स नाम की बस सतगावां से तिलैया की ओर जा रही थी। वहीं, बाइक सवार डोमचांच से बेहराडीह की तरफ जा रहा था। इसी दौरान बेहराडीह के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
ग्रामीणों ने घायल को पहुंचाया अस्पताल
घायल युवक की पहचान बेहराडीह निवासी सूरज कुमार के रूप में हुई है। वह भागीरथ मेहता का पुत्र बताया जा रहा है। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने बस को कब्जे में लिया
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बस को मौके पर ही रुकवा लिया। सूचना मिलने पर डोमचांच थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और लोगों को शांत कराकर स्थिति संभाली। पुलिस ने बस को अपने कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है।




