कोडरमा: जिले के सदर थाना क्षेत्र के इंदरवा में गुरुवार रात पैसे के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में चाकूबाजी की घटना सामने आई है। इस दौरान एक युवक ने दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में नितेश यादव और दीपक राम घायल हो गए। नितेश को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दीपक को मामूली चोट लगी है।
घायलों में शामिल दीपक राम ने बताया कि गुरुवार रात खरियोडीह निवासी मोनू राम आशीष से उधार दिए गए पैसे मांगने पहुंचा था। मोनू शराब के नशे में भी था। आशीष उनका भी मित्र था, जिसे मोनू ने पैसे दिए थे।
आशीष को बुलाने की जिद पर शुरू हुआ विवाद
दीपक के अनुसार, मोनू ने वहां पहुंचकर उनसे और नितेश से आशीष को बुलाने की जिद की। इस पर दोनों ने कहा कि उन्हें पैसे के लेन-देन के बारे में कोई जानकारी नहीं है। इसी बात पर मोनू नाराज हो गया और दोनों के साथ गाली-गलौज करने लगा।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान मोनू ने अपने साथ लाए चाकू से नितेश और दीपक पर हमला कर दिया। वार से दोनों घायल हो गए। घटना के बाद मोनू मौके से फरार हो गया।
नितेश की हालत गंभीर, सदर अस्पताल में इलाज जारी
घटना के बाद शोरगुल सुनकर नितेश के परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों घायलों को कोडरमा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। नितेश को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दीपक को मामूली चोट लगी है।
पुलिस कर रही मोनू राम की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही कोडरमा पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और घायलों से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली। सदर थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि मामला पैसे के लेन-देन से जुड़ा है। घायलों की ओर से आवेदन मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मोनू राम की तलाश कर रही है।




