धनबाद। बीसीसीएल के निदेशक (कार्मिक एवं मानव संसाधन) तथा निदेशक (वित्त) राजेश कुमार शुक्रवार को अपनी पत्नी नीता कुमार के साथ लालमणि ओल्ड एज होम पहुंचे। यहां उन्होंने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। साथ ही बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया।
आश्रम पहुंचने पर वृद्धजनों ने आरती उतारकर और तिलक लगाकर दोनों का स्वागत किया। वहीं, लालमणि वृद्धा सेवा आश्रम के अध्यक्ष नौशाद गद्दी और कोषाध्यक्ष ओमकार मिश्रा ने राजेश कुमार और उनकी पत्नी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस दौरान राजेश कुमार और नीता कुमार ने बुजुर्गों के बीच गर्म शॉल बांटे। उन्होंने बुजुर्गों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की और अपने हाथों से उन्हें भोजन परोसा। उनके इस व्यवहार से आश्रम में रह रहे बुजुर्ग काफी खुश नजर आए।
बुजुर्गों की सेवा करना हमारा दायित्व : राजेश कुमार
इस मौके पर राजेश कुमार ने कहा कि वे समय-समय पर वृद्धाश्रम आकर बुजुर्गों का हालचाल लेते हैं। वे सभी बुजुर्गों को अपने माता-पिता के समान मानते हैं। उनकी सेवा और सम्मान करना अपना दायित्व समझते हैं।
उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि वे अपने माता-पिता के साथ-साथ वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों से भी मिलें और उनके साथ कुछ समय बिताएं।
राजेश कुमार ने कहा कि जीवन के अंतिम पड़ाव में बुजुर्गों को सबसे अधिक प्यार, सम्मान और अपनापन चाहिए। समाज के लोगों का थोड़ा-सा स्नेह और सहयोग भी उनके जीवन में खुशियां ला सकता है और उनका मनोबल बढ़ा सकता है।




