जामताड़ा: जामताड़ा थाना क्षेत्र के चलना पंचायत अंतर्गत भंडारों गांव के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। विपरीत दिशा से तेज गति से आ रहे लाल रंग के ट्रैक्टर ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
मृतक की पहचान दक्षिणबहाल के आसनहेरिया गांव निवासी शिवशंकर साधु (21 वर्ष), पिता कमल साधु के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शिवशंकर अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (JH 21 R 1042) से धनबाद जा रहे थे। इसी दौरान भंडारों गांव के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और जामताड़ा पुलिस को जानकारी दी। सहायक अवर निरीक्षक जय किशोर मरांडी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की।
वहीं, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर थाना ले गई। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।




