रांची: झारखंड में JSSC CGL पेपर लीक मामले की जांच कर रही CID ने कार्रवाई तेज कर दी है। जांच एजेंसी ने इस मामले में 10 आरोपियों के खिलाफ करीब 5200 पन्नों की पूरक चार्जशीट अदालत में दाखिल की है। इसमें झारखंड और बिहार के रहने वाले आरोपी शामिल हैं।
CID ने पूरक आरोप पत्र संख्या 28/26 के तहत अदालत में यह रिपोर्ट सौंपी है। जांच में पेपर लीक से जुड़े अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा हुआ है, जिसके सदस्य झारखंड और बिहार में सक्रिय थे।
चार्जशीट में देवघर जिले के मार्गोमुंडा निवासी सुषमा उर्फ सुषमा तिवारी, अक्षय तिवारी और अभय तिवारी के नाम शामिल हैं। इसके अलावा धनबाद के राजगंज निवासी विजय तिवारी, धनबाद टाउन निवासी दीपक और गिरिडीह के बेंगाबाद निवासी समीर को भी आरोपी बनाया गया है। बिहार के सारण निवासी आनंद सिंह का नाम भी चार्जशीट में शामिल है।
वहीं, पेपर लीक से जुड़े सबूत मिटाने के आरोप में तीन अन्य लोगों को भी अभियुक्त बनाया गया है। इनमें बिहार के रोहतास निवासी सोमांश प्रकाश, वैशाली निवासी राहुल कुमार और बोकारो के दुग्दा निवासी उमेश कुमार राय शामिल हैं।
CID ने अपनी जांच में आरोपियों के बीच बातचीत, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), बैंक खातों में हुए लेन-देन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को आधार बनाया है। इसके अलावा आरोपियों के इकबालिया बयानों को भी चार्जशीट में शामिल किया गया है।
चार्जशीट दाखिल होने के बाद अब मामले में अदालत की आगे की सुनवाई और न्यायिक प्रक्रिया जारी रहेगी।




