सीवान: जिले में रविवार से पांच दिवसीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत हो गई है। सदर प्रखंड के पुरैना दलित बस्ती में आयोजित कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस मौके पर जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने भी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई।
यह अभियान 22 नवंबर से 26 नवंबर तक चलाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने इस दौरान जिले के 0 से 5 वर्ष तक के 4 लाख 16 हजार 704 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य रखा है।
यह भी पढ़े : रांची समेत कई जिलों में बादलों का डेरा, बारिश थमने के बाद बढ़ेगी ठिठुरन
जिले में बनाई गईं 1508 टीमें
सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। टीकाकर्मियों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया है। जिले में कुल 1508 टीमें बनाई गई हैं। इनमें 1306 घर-घर जाकर दवा पिलाने वाली टीमें, 147 ट्रांजिट टीमें, 35 मोबाइल टीमें और 20 वन-मैन टीमें शामिल हैं।
इन टीमों की निगरानी के लिए 475 पर्यवेक्षकों को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, वैक्सीन के सुरक्षित भंडारण और वितरण के लिए 122 सब डिपो और डिपो बनाए गए हैं। अभियान के तहत जिले के 5 लाख 39 हजार 970 घरों तक पहुंचने की योजना है।
रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी पिलाई जाएगी दवा
अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और प्रमुख चौक-चौराहों पर भी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं।
इसके अलावा ईंट-भट्ठों, दूर-दराज के इलाकों और प्रवासी परिवारों के बच्चों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। मोबाइल टीमें ऐसे स्थानों पर जाकर बच्चों को दवा पिलाएंगी, जहां सामान्य टीमें आसानी से नहीं पहुंच पाती हैं।
अभिभावकों से की गई अपील
सिविल सर्जन ने बताया कि अभियान के दौरान वैक्सीन की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। साथ ही दवाओं को सुरक्षित रखने के लिए कोल्ड चेन व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद जरूर पिलाएं। जिन बच्चों को पहले भी पोलियो की खुराक दी जा चुकी है, उन्हें भी इस अभियान में दवा पिलाना जरूरी है।




