धनबाद। निरसा प्रखंड के पाण्डरा गांव में सोमवार को मगध सम्राट चक्रवर्ती महाराज जरासंध महोत्सव सह मंदिर निर्माण कार्य का शिलान्यास समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर झारखंड प्रदेश चंद्रवंशी समाज की ओर से तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।
झारखंड प्रदेश चंद्रवंशी समाज के केंद्रीय अध्यक्ष दिलीप कुमार रवानी ने बताया कि पाण्डरा स्थित कपिलेश्वर शिव मंदिर के सामने प्रस्तावित जरासंध धाम मंदिर का निर्माण कराया जाएगा। मंदिर निर्माण का शिलान्यास जगदीश रवानी करेंगे।
उन्होंने बताया कि समाज के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय ए.पी. रवानी का सपना था कि पाण्डरा में महाराज जरासंध की जयंती स्थल पर भव्य मंदिर का निर्माण हो और उनकी प्रतिमा स्थापित की जाए। इसी सपने को पूरा करने के लिए समाज की केंद्रीय समिति ने मंदिर निर्माण का निर्णय लिया है।
दिलीप कुमार रवानी ने कहा कि मंदिर निर्माण से चंद्रवंशी समाज की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक विरासत को संरक्षित करने में मदद मिलेगी। साथ ही जरासंध धाम भविष्य में समाज की आस्था और एकता का प्रमुख केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम में झारखंड ग्रामीण ट्रस्ट के संस्थापक शंकर रवानी एवं विधायक प्रतिनिधि हिमांशु शेखर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं पायल देवी और सांसद प्रतिनिधि मनबोध रवानी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
समाज के पदाधिकारियों प्रदीप रवानी, कृष्ण रवानी एवं सागर रवानी ने चंद्रवंशी समाज के सभी लोगों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इसे सफल बनाने की अपील की है।




