रांची: झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र बुधवार को हंगामे के साथ शुरू हुआ। सत्र शुरू होने से पहले ही सदन के बाहर और अंदर राजनीतिक माहौल गरमा गया। मुख्य विपक्षी दल भाजपा के विधायकों ने राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान JPSC और JSSC की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और लंबित नियुक्तियों का मुद्दा उठाया गया।
Read more : योगी सरकार की योजना से दो मासूमों को मिली आवाज, खिलखिला उठा बचपन
विधानसभा के मुख्य द्वार पर भाजपा का प्रदर्शन
सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले भाजपा विधायक हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर विधानसभा के मुख्य द्वार पर पहुंच गए। विधायकों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।
JPSC-JSSC परीक्षाओं में गड़बड़ी का उठाया मुद्दा
प्रदर्शन कर रहे भाजपा विधायकों का कहना था कि राज्य में प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन और परिणाम जारी करने में पारदर्शिता की कमी है। इससे बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परेशान हैं। विधायकों ने परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की।
लंबित नियुक्तियां जल्द पूरी करने की मांग
भाजपा ने JPSC और JSSC से जुड़े लंबित मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही राज्य में रुकी हुई नियुक्ति प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की मांग भी उठाई। विपक्ष ने कहा कि युवाओं को लंबे समय से नियुक्तियों का इंतजार है।
सत्र की शुरुआत से पहले भाजपा का यह प्रदर्शन सरकार के लिए चुनौती बनता दिखा। सदन के भीतर भी विपक्ष ने अपने आक्रामक तेवर दिखाए।




