पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय में सेवा दूत एवं विधानसभा समन्वय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में लगातार 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और सुशासन के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। बिहार में भी एनडीए सरकार राज्य के विकास को नई गति देने के लिए काम कर रही है।
2047 तक विकसित भारत और 2037 तक समृद्ध बिहार का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य रखा है। वहीं, बिहार सरकार ने वर्ष 2037 तक राज्य को समृद्ध बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने संघर्ष और जनसेवा के रास्ते पर चलते हुए अपनी अलग पहचान बनाई है। पार्टी ने धारा 370 हटाने और अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण जैसे ऐतिहासिक कार्य किए हैं।
Read more : CM सम्राट चौधरी कैबिनेट के बड़े फैसले, पटना में पेयजल परियोजना के लिए 1794 करोड़ मंजूर
ग्रामीण विकास पर खर्च होंगे 22 हजार करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प’ अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में आवास निर्माण, पुराने भवनों के जीर्णोद्धार और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने का काम किया जा रहा है। इस पर करीब 22 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बिहार में 65 लाख आवास स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 43 लाख लोगों को आवास उपलब्ध कराया जा चुका है। बाकी आवासों का निर्माण जारी है।
1.92 करोड़ परिवारों को मिल रही 125 यूनिट मुफ्त बिजली
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में 1 करोड़ 92 लाख घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को हर महीने 125 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है। इस पर राज्य सरकार करीब 23 हजार करोड़ रुपये की सब्सिडी खर्च कर रही है।
इसके अलावा राज्य के 1 करोड़ 9 लाख वृद्ध, दिव्यांग और विधवा लाभार्थियों को हर महीने 1,100 रुपये पेंशन दी जा रही है। यह राशि प्रत्येक महीने की 10 तारीख को लाभार्थियों के बैंक खाते में भेजी जाती है।
बिहार में औद्योगिक विकास को दी जा रही गति
सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बक्सर में कोका-कोला बॉटलिंग प्लांट और सीमेंट फैक्ट्री स्थापित की गई है। वहीं नवादा, बांका, किशनगंज, मधुबनी और मुजफ्फरपुर में भी सीमेंट फैक्ट्री स्थापित करने की दिशा में काम चल रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में बिहार में करीब 10 हजार मेगावाट बिजली की खपत हो रही है। सरकार ने वर्ष 2030 तक 30 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य रखा है। इससे राज्य में औद्योगिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
1 से 25 दिसंबर तक चलेगा सेवा दूत अभियान
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 1 दिसंबर से 25 दिसंबर तक राज्य में सेवा दूत अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सेवा दूत घर-घर जाकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों को देंगे।
वे लोगों से बातचीत कर यह पता लगाएंगे कि सरकारी योजनाओं का लाभ उन्हें मिल रहा है या नहीं। इसके साथ ही जनता की समस्याओं और सुझावों को सरकार तक पहुंचाया जाएगा।
अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर होगा अभियान का समापन
मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती सुशासन दिवस के रूप में मनाई जाती है। इसी दिन सेवा दूत अभियान के माध्यम से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
जनता से संवाद कर समस्याओं का समाधान कराएं कार्यकर्ता
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं से कहा कि वे समाज के सभी वर्गों को जोड़ने और पार्टी संगठन को मजबूत करने का काम करें। लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनें और सरकार तक उनकी बात पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे सरकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाएं और यह भी देखें कि लोगों को योजनाओं का लाभ सही तरीके से मिल रहा है या नहीं। जनता से मिलने वाले सुझाव और फीडबैक के आधार पर समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल सभी कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन और सरकार मिलकर जनता की सेवा के लिए काम करें।




