रामगढ़: रामगढ़-बोकारो नेशनल हाईवे पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा चितरपुर स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के पास अहले सुबह करीब तीन बजे हुआ। टाटा मैजिक और हाइवा के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई।
बताया जाता है कि गोला प्रखंड के संग्रामपुर और पतरातू गांव के कुछ लोग ताशा पार्टी और शीशमहल लाइट लेकर रामगढ़ के टायर मोड़ में एक बारात में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी टाटा मैजिक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चितरपुर के पास सामने से आ रहे हाइवा (जेएच02बीजेड-3351) ने टाटा मैजिक को टक्कर मार दी।
हादसे में संग्रामपुर निवासी संदीप कुमार महतो और पतरातू निवासी सुनील नायक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, मठवाटांड़ निवासी गंभीर महतो समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही रजरप्पा थाना के एसआई निरंजन सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे में शामिल हाइवा और टाटा मैजिक को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।





