रांची: झारखंड में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। सुबह और शाम चल रही ठंडी हवाओं के कारण कनकनी बढ़ गई है। पिछले 24 घंटे में राज्य के न्यूनतम तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, अधिकतम तापमान भी सामान्य से नीचे चला गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में राज्य के न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। इससे ठंड और बढ़ने की संभावना है।
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, 26 नवंबर को अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, 27 और 28 नवंबर को भी तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है। इन दोनों दिनों में अधिकतम तापमान 24 और न्यूनतम 11 डिग्री रह सकता है। जबकि 29 नवंबर को अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने फिलहाल राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई है। एक दिसंबर तक झारखंड के किसी भी हिस्से के लिए विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि, तापमान में गिरावट के कारण सुबह के समय कुहासा बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को सुबह और शाम ठंड से बचने की सलाह दी जा रही है।





