भागलपुर : भागलपुर के लिए खेल जगत से अच्छी खबर सामने आई है। जिले के सुरखीकल निवासी क्रिकेट प्रशिक्षक संजय कुमार को बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने बीसीसीआई पुरुष अंडर-23 स्टेट ए ट्रॉफी (प्लेट) 2026-27 के शुरुआती दो मैचों के लिए बिहार टीम का फील्डिंग कोच नियुक्त किया है।
संजय कुमार को क्रिकेट कोचिंग का अच्छा अनुभव है। इससे पहले वे विजय हजारे ट्रॉफी में बिहार की सीनियर वनडे टीम के सहायक कोच की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। इसके अलावा, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी की ओर से उन्हें लेवल-2 परीक्षा के प्रशिक्षण के लिए भी आमंत्रित किया जा चुका है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर संजय कुमार ने खुशी जताई है। उन्होंने इसे अपने लिए बड़ी जिम्मेदारी बताया और इस उपलब्धि का श्रेय अपनी मां राम पुकारी देवी और पत्नी कुमारी जूली को दिया। अब वे बिहार के युवा खिलाड़ियों की फील्डिंग तकनीक को बेहतर बनाने का काम करेंगे।
बीसीए की जूनियर चयन समिति की ओर से जारी सूची के अनुसार, बिहार की 17 सदस्यीय टीम की कप्तानी मधुबनी के आदित्य राज को सौंपी गई है। वहीं, पृथ्वी राज टीम के उप-कप्तान बनाए गए हैं।
संजय कुमार की नियुक्ति पर भागलपुर जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने खुशी जाहिर की है। सभी ने उन्हें बधाई देते हुए बिहार टीम के बेहतर प्रदर्शन की कामना की है।





