नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देशभर में ‘सेवा दूत अभियान’ चलाने जा रही है। यह अभियान 1 दिसंबर से 25 दिसंबर 2026 तक चलेगा। इसका समापन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती और सुशासन दिवस के अवसर पर होगा।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और अभियान के राष्ट्रीय संयोजक हरीश द्विवेदी के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाना और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाना है।
अभियान के तहत भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और चुनिंदा कार्यकर्ताओं को अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में जिम्मेदारी दी जाएगी। इन्हें ‘सेवा दूत’ या ‘विस्तारक’ के रूप में तैनात किया जाएगा। ये कार्यकर्ता 25 दिनों तक अपने निर्धारित क्षेत्र में रहकर गांवों, शहरी वार्डों और मतदान केंद्रों पर लोगों से संपर्क करेंगे।
प्रत्येक सेवा दूत को एक संगठनात्मक मंडल में करीब पांच दिन बिताने होंगे। इस दौरान वे सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से बातचीत करेंगे और योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेंगे। साथ ही आम लोगों की समस्याएं, सुझाव और शिकायतें भी सुनेंगे। इन जानकारियों को पार्टी और सरकार के वरिष्ठ नेतृत्व तक पहुंचाया जाएगा।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए कई राज्यों में नेताओं और कार्यकर्ताओं को उनके गृह जिले से बाहर जिम्मेदारी देने की योजना बनाई गई है। जम्मू-कश्मीर और मध्य प्रदेश में इस व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस अभियान की तैयारी के लिए बिहार, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में संगठनात्मक कार्यशालाएं आयोजित की जा चुकी हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश और पंजाब जैसे आगामी चुनाव वाले राज्यों में भी अभियान को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।





