चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सरकारी स्कूलों में मध्याह्न भोजन योजना को लेकर प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में DC मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें स्कूलों में बच्चों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता, उपस्थिति और स्वास्थ्य सुविधाओं पर चर्चा हुई।
बैठक में DC ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि बच्चों के भोजन में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी स्कूलों में निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने और रसोई की साफ-सफाई बनाए रखने को कहा गया।
बच्चों की संख्या में गड़बड़ी करने पर होगी जवाबदेही
मध्याह्न भोजन योजना के तहत प्रतिदिन कितने बच्चे भोजन कर रहे हैं, इसकी जानकारी SMS के माध्यम से भेजी जाती है। DC ने निर्देश दिया कि स्कूलों की ओर से वास्तविक उपस्थिति के आधार पर ही रिपोर्टिंग की जाए।
उन्होंने कहा कि गलत आंकड़े भेजने वाले या रिपोर्टिंग में लापरवाही बरतने वाले स्कूल प्रधानों की जवाबदेही तय की जाएगी। इसके लिए बीईईओ को नियमित रूप से स्कूलों का निरीक्षण करने को कहा गया।
Read more : 29 नवंबर को चुनी जाएगी RGTA की नई कार्यकारिणी, सुबह 11 बजे से मतदान
बच्चों की सेहत और पोषण पर विशेष ध्यान
बैठक में बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की स्थिति पर भी चर्चा हुई। DC ने सभी स्कूलों में नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और विद्यार्थियों को नियमानुसार आयरन तथा फोलिक एसिड की गोलियां उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ काम करने और बच्चों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा।
स्कूलों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर
समीक्षा के दौरान स्कूलों में रसोईघर, किचन शेड, एलपीजी गैस, पेयजल, पोषण वाटिका और बच्चों की लंबाई एवं वजन मापने वाले उपकरणों की उपलब्धता की जानकारी ली गई।
DC ने जिन स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की कमी है, वहां प्राथमिकता के आधार पर व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया। साथ ही स्कूलों में साफ-सफाई और मरम्मत कार्यों पर ध्यान देने को कहा।
रसोइया-सहायिकाओं को भी मिलेगा योजनाओं का लाभ
बैठक में रसोइया-सह-सहायिकाओं के कल्याण से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। DC ने उन्हें आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने और पात्र कर्मियों को मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ दिलाने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, बीपीओ, बीआरपी, सीआरपी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।





