रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस और वर्तमान सरकार के दो साल पूरे होने के अवसर पर रांची के खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सुबह से ही लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। राज्य के अलग-अलग जिलों से हजारों की संख्या में लोग खेलगांव पहुंच रहे हैं।
कई जिलों से पहुंच रहे लोग
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रांची के अलावा जमशेदपुर, लोहरदगा, गुमला, हजारीबाग और धनबाद समेत कई जिलों से लोग पहुंच रहे हैं। पूरे खेलगांव परिसर में लोगों की आवाजाही बढ़ गई है। आयोजन स्थल पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिल रहा है।
मंत्रियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कल्याण मंत्री चमरा लिंडा समेत अन्य मंत्रियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए कल्याण मंत्री भी खेलगांव पहुंच चुके हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में आम लोग और पार्टी कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंच रहे हैं।
सरकार की योजनाओं का हो रहा शिलान्यास
इस समारोह के दौरान राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास किया जा रहा है। राज्य स्थापना दिवस और सरकार के दो साल पूरे होने के मौके पर आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर लोगों में काफी उत्साह है।
सुरक्षा के किए गए हैं पुख्ता इंतजाम
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने को देखते हुए आयोजन स्थल पर सुरक्षा और व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन की ओर से लोगों की सुविधा और कार्यक्रम के सुचारू संचालन पर ध्यान दिया जा रहा है।





