वाराणसी: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने शनिवार को वाराणसी दौरे के दौरान बाबा कालभैरव और काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किया। उनके साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने बाबा से देश में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
सबसे पहले बाबा कालभैरव के दरबार में पहुंचे
उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने धार्मिक दौरे की शुरुआत बाबा कालभैरव के दर्शन से की। मंदिर में दोनों नेताओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और बाबा का आशीर्वाद लिया।
इस दौरान मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। दोनों नेताओं के पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयकारे लगाए। उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री ने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन भी किया।
गर्भगृह में किया बाबा विश्वनाथ का अभिषेक
बाबा कालभैरव के दर्शन के बाद दोनों नेता श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे। यहां गर्भगृह में बाबा विश्वनाथ के ज्योतिर्लिंग का अभिषेक किया गया। इसके बाद षोडशोपचार विधि से पूजा-अर्चना संपन्न हुई।
उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री ने देश के लोगों के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना की। मंदिर में दर्शन के बाद दोनों नेता नमोघाट के लिए रवाना हो गए।
नमोघाट पर होगा काशी तमिल संगमम का शुभारंभ
वाराणसी दौरे के दौरान उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन नमोघाट पर काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री भी शामिल होंगे।
तमिलनाडु से 1750 प्रतिनिधि लेंगे हिस्सा
काशी तमिल संगमम का आयोजन 12 दिसंबर तक किया जाएगा। इस बार कार्यक्रम की थीम तमिल के प्राचीन ग्रंथ ‘तिरुक्कुरल’ की शिक्षाओं पर आधारित है।
इस आयोजन में तमिलनाडु से सात समूहों में कुल 1750 प्रतिनिधि शामिल होंगे। शुक्रवार रात 200 प्रतिनिधियों का पहला दल विशेष ट्रेन से वाराणसी पहुंच चुका है। बाकी प्रतिनिधियों के भी अलग-अलग समूहों में पहुंचने का कार्यक्रम है।
इस आयोजन का उद्देश्य काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सभ्यतागत संबंधों को और मजबूत करना है।





