जमशेदपुर: पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। पत्रकार संगठनों के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) भी उनके समर्थन में उतर आया है। शनिवार को भाजयुमो महानगर ने जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर गिरफ्तारी का विरोध किया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
जिलाध्यक्ष नितीश कुशवाहा के नेतृत्व में हुआ प्रदर्शन
भाजयुमो महानगर के जिलाध्यक्ष नितीश कुशवाहा के नेतृत्व में आयोजित इस धरना-प्रदर्शन में संगठन के कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगें रखीं। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त के नाम चार सूत्री ज्ञापन सौंपा।
भाजयुमो ने रखीं चार प्रमुख मांगें
संगठन ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। इसके अलावा अभिषेक भारती को न्याय दिलाने के लिए उचित कानूनी पहल करने की बात कही।
भाजयुमो की अन्य मांगों में पत्रकारों की स्वतंत्रता और सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा पत्रकारों पर दबाव बनाकर उनकी आवाज दबाने की कोशिशों पर रोक लगाना शामिल है।
पत्रकार संगठनों ने भी शुरू किया आंदोलन
अभिषेक भारती की गिरफ्तारी और हिरासत के विरोध में कई पत्रकार संगठनों ने भी आंदोलन का ऐलान किया है। शनिवार से चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने की तैयारी की गई है।
पत्रकार संगठनों के साथ भाजयुमो के भी आंदोलन में शामिल होने से यह मामला अब राजनीतिक रूप लेता नजर आ रहा है।





