खूंटी: आरसी मिशन स्कूल, जम्हार में शनिवार को वार्षिक समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व बताते हुए मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
शिक्षा ही सफलता की मजबूत नींव : विधायक
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धा के दौर में शिक्षा सफलता की सबसे मजबूत नींव है। शिक्षा के जरिए बच्चे अपने सपनों को पूरा करने के साथ समाज और देश के विकास में भी योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर पूरी मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने की अपील की।
कई गणमान्य लोग समारोह में हुए शामिल
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला परिषद सदस्य जोरोंग आईंद, झामुमो युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष राहुल केसरी और उड़ीकेल पंचायत के मुखिया क्षत्री हेमरोम मौजूद रहे।
इसके अलावा फादर क्लासतुस लकड़ा, फादर ख्रिस्तोफर जोजो, फादर सुनील कंडुलना, फादर अनिल समेत विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जीता दिल
वार्षिक समारोह में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। बच्चों ने नृत्य और अन्य आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाई। उनकी शानदार प्रस्तुतियों पर अतिथियों और दर्शकों ने खूब सराहना की।
पूरे समारोह के दौरान उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।





