पलामू: झारखंड के पलामू जिले के विश्रामपुर प्रखंड स्थित केतात गांव की बेटी काजल कुमारी ने बड़ी सफलता हासिल की है। उनका चयन भारतीय वायु सेना में हुआ है। इस उपलब्धि से पूरे गांव और इलाके में खुशी का माहौल है। परिजनों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने काजल को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
झारखंड की तीन सीटों की चयन प्रक्रिया में मिला दूसरा स्थान
काजल कुमारी ने झारखंड की तीन सीटों के लिए हुई चयन प्रक्रिया में दूसरा स्थान हासिल किया है। वह केतात गांव निवासी माधवकांत चौबे की बेटी हैं। उनकी इस सफलता ने परिवार के साथ पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है।
सफलता की खबर मिलते ही गांव में जश्न
काजल के चयन की खबर मिलते ही गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके मामा रविंद्र शुक्ला ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि काजल की सफलता से गांव की दूसरी बेटियों को भी आगे बढ़ने और अपने सपने पूरे करने की प्रेरणा मिलेगी।
गांव की दूसरी बेटियों के लिए बनीं मिसाल
काजल ने अपनी मेहनत और लगन से साबित कर दिया है कि छोटे गांव से निकलकर भी बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र की लड़कियों में खासा उत्साह है।
ग्रामीणों का कहना है कि काजल की सफलता दूसरी बेटियों को भी पढ़ाई और अपने करियर के प्रति मेहनत करने के लिए प्रेरित करेगी।





