रांची: राजधानी रांची में ठंड का असर बढ़ने के साथ ही नगर निगम ने जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने का काम शुरू कर दिया है। शनिवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निगम की टीम के साथ हरमू रोड स्थित शनि मंदिर और पहाड़ी मंदिर के पास जरूरतमंद लोगों के बीच 120 कंबल वितरित किए।
इस दौरान नगर आयुक्त ने कहा कि ठंड के मौसम में गरीब और जरूरतमंद लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए नगर निगम लगातार काम कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहर के अलग-अलग इलाकों में रहने वाले जरूरतमंद लोगों की पहचान कर उन्हें कंबल उपलब्ध कराएं।
Read more : शराब से लेकर खनिज तक पर प्रशासन की नजर, DC-SP ने दिए सख्त निर्देश
आश्रय गृहों में सुविधाएं दुरुस्त करने का निर्देश
नगर आयुक्त ने शहर के सभी आश्रय गृहों की व्यवस्था बेहतर बनाने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वहां पेयजल, शौचालय, रोशनी और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहें, ताकि जरूरतमंद लोग सुरक्षित तरीके से रह सकें।
रात में चलेगा रेस्क्यू अभियान
ठंड को देखते हुए नगर निगम रात में विशेष रेस्क्यू अभियान भी चलाएगा। इसके तहत खुले आसमान के नीचे रहने वाले लोगों को सुरक्षित आश्रय गृहों तक पहुंचाया जाएगा। नगर आयुक्त ने कहा कि ठंड से बचाव के लिए राहत कार्यों में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि सरकारी योजनाओं और राहत कार्यों का लाभ हर जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे।
इस मौके पर वार्ड पार्षद, सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक, नगर अभियान प्रबंधक सहित निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।





