पटना : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य की सभी पुलिस लाइनों में डीएवी स्कूल खोलने का प्रस्ताव रखा है। उन्होंने डीएवी कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. पूनम सूरी से आग्रह किया कि पुलिसकर्मियों के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए बिहार की पुलिस लाइनों में स्कूल खोले जाएं। मुख्यमंत्री ने इसके लिए चिह्नित स्थानों पर जमीन उपलब्ध कराने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि बिहार के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण उच्च और तकनीकी शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़े।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को पटना के बापू सभागार में तीन दिवसीय आठवें डीएवी यूनाइटेड फेस्टिवल का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया। ‘सेलिब्रेटिंग यूनिटी’ थीम पर आयोजित यह महोत्सव 28 से 30 नवंबर 2026 तक चलेगा। इसमें विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक मूल्यों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
अगले एक साल में शुरू होगा विक्रमशिला विश्वविद्यालय
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। विक्रमशिला विश्वविद्यालय की स्थापना से जुड़ी समस्याओं का समाधान कर लिया गया है। सरकार का लक्ष्य है कि अगले एक साल में विश्वविद्यालय शुरू हो जाए।
उन्होंने कहा कि ज्ञान, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास के लिए बिहार की विशिष्ट पहचान रही है। नालंदा और विक्रमशिला जैसे प्राचीन विश्वविद्यालय इसी धरती पर स्थापित थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में नालंदा विश्वविद्यालय के गौरवशाली इतिहास को फिर से स्थापित किया गया है।
मुख्यमंत्री ने डीएवी संस्थान की शिक्षा के क्षेत्र में भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि महर्षि स्वामी दयानंद सरस्वती के विचारों से प्रेरित यह संस्थान पिछले 140 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में योगदान दे रहा है। वर्ष 1886 में लाहौर से शुरू हुई इसकी शैक्षणिक यात्रा आज देशभर में हजारों संस्थानों तक पहुंच चुकी है। बिहार के लाखों बच्चे डीएवी संस्थानों से शिक्षा प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। उन्होंने संस्थान से बिहार में अपनी शैक्षणिक गतिविधियों का और विस्तार करने का आग्रह किया।
एक साथ स्थापित किए गए 211 नए डिग्री कॉलेज
सम्राट चौधरी ने कहा कि वर्ष 1947 से 2026 तक बिहार में केवल 272 डिग्री कॉलेज थे। राज्य सरकार ने एक साथ 211 नए डिग्री कॉलेज स्थापित किए हैं और इनमें शिक्षकों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की है। शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया के तहत दिल्ली, कर्नाटक और महाराष्ट्र समेत दूसरे राज्यों में काम कर रहे बिहार के शिक्षक वापस अपने प्रदेश लौटे हैं। उन्होंने राज्य में संचालित बीएड कॉलेजों से भी डिग्री कॉलेज चलाने का आग्रह किया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार में 534 प्रखंडों सहित 700 स्थानों पर सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल स्कूल स्थापित किए गए हैं। इनमें करीब 4.5 लाख बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। तकनीक के माध्यम से विद्यार्थियों को हर समय शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने बताया कि जुलाई में मिली पहली रिपोर्ट के अनुसार रात एक बजे भी करीब डेढ़ लाख बच्चे ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने इसे बिहार की शिक्षा व्यवस्था में ऐतिहासिक बदलाव बताया।
शिक्षा के लिए 18 हजार करोड़ रुपये उपलब्ध करा रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की करीब 62 प्रतिशत आबादी 29 वर्ष से कम उम्र की है। युवाओं को बेहतर शिक्षा और अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से विद्यार्थियों की पढ़ाई के लिए करीब 18 हजार करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में बिहार के विद्यार्थी उच्च शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों में जाते हैं। सरकार की कोशिश है कि प्रदेश में ही ऐसे शैक्षणिक संस्थान विकसित हों, जहां गुणवत्तापूर्ण उच्च और तकनीकी शिक्षा मिल सके।
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में आधारभूत संरचनाओं का तेजी से विकास हो रहा है। पटना, गया, दरभंगा और पूर्णिया में हवाई सेवाओं का विस्तार किया गया है। इसके साथ ही राज्य में 10 नए हवाई अड्डों के निर्माण की दिशा में भी काम चल रहा है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में 15 प्रतिशत की ग्रोथ रेट से उद्योगों का विकास हो रहा है और हर साल करीब 9 से 10 हजार नई कंपनियां स्थापित हो रही हैं।
मुख्यमंत्री ने डीएवी यूनाइटेड फेस्टिवल 2026 के बिहार में आयोजन के लिए पूरे डीएवी परिवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बिहार के शैक्षणिक विकास में डीएवी संस्थान का सहयोग महत्वपूर्ण है और राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में संस्थान के विस्तार के लिए हरसंभव सहयोग करेगी।
कार्यक्रम में डीएवी कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं पद्मश्री से सम्मानित डॉ. पूनम सूरी ने पुष्पगुच्छ और हरित पौधा भेंटकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। समारोह में उपमुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, सांसद संजय कुमार, पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद, विधायक संजीव चौरसिया, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, डीएवी संस्थान के उपाध्यक्ष अजय सूरी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र और डीएवी परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।





