देवघर : देवघर में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर फर्जी APK फाइल के जरिए लोगों के मोबाइल का एक्सेस हासिल कर ऑनलाइन ठगी करने का आरोप है। पुलिस ने इनके पास से पांच मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद किए हैं।
ऐसे लोगों को अपने जाल में फंसाते थे आरोपी
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी लोगों को सरकारी योजनाओं और जरूरी सेवाओं के नाम पर फर्जी APK फाइल भेजते थे। इसके लिए पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान का सहारा लिया जाता था।
लोग जैसे ही इन फाइलों को अपने मोबाइल में इंस्टॉल करते थे, आरोपी मोबाइल तक पहुंच बना लेते थे। इसके बाद निजी और बैंकिंग जानकारी का इस्तेमाल कर ठगी की जाती थी।
Read more ; मन की बात में पीएम मोदी ने युवाओं को नशे से दूर रहने का दिया संदेश
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में छापेमारी टीम बनाई गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि सोनारायठाढ़ी इलाके में कुछ लोग फर्जी APK फाइल भेजकर साइबर ठगी कर रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम आए सामने
गिरफ्तार आरोपियों में सरफत अंसारी (30), राजन कुमार दास (28) और राहुल कुमार दास (19) शामिल हैं। सरफत अंसारी डुमरिया गांव का रहने वाला है, जबकि राजन और राहुल कुमार दास नई चिहुटिया गांव के निवासी हैं। दोनों गांव देवघर जिले में स्थित हैं।
पहले भी साइबर ठगी में जेल जा चुका है राजन
पुलिस के अनुसार, आरोपी राजन कुमार दास का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है। वह इससे पहले देवघर साइबर थाना कांड संख्या 111/2025 में गिरफ्तार हो चुका है। यह मामला 9 अगस्त 2025 का है। इस मामले में उसे जेल भी जाना पड़ा था।
पुलिस ने जब्त किए मोबाइल और सिम कार्ड
छापेमारी के दौरान पुलिस ने पांच मोबाइल फोन और छह सिम कार्ड बरामद किए हैं। अब इन उपकरणों की तकनीकी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किन-किन लोगों के संपर्क में थे और इस ठगी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो काम नहीं कर रहा था।
इस कार्रवाई में सोनारायठाढ़ी थाना प्रभारी रोहित कुमार दांगी, साइबर थाना के पुलिस पदाधिकारी नागेंद्र कुमार मंडल और पुलिस बल के जवान शामिल थे।
APK फाइल डाउनलोड करने से पहले रहें सावधान
देवघर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान नंबर से आने वाली APK फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल न करें। पीएम किसान योजना, बिजली बिल या ट्रैफिक चालान के नाम पर भेजे जाने वाले संदिग्ध लिंक से बचें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता जरूर जांच लें।





