पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 140वां एपिसोड सुना। इस दौरान प्रधानमंत्री ने बिहार संग्रहालय का जिक्र किया। इस पर मुख्यमंत्री ने उनका आभार जताया।
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री की ओर से बिहार संग्रहालय का उल्लेख किया जाना पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। इससे बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को देशभर में पहचान मिली है।
दुनिया के 100 बेहतरीन संग्रहालयों में बिहार संग्रहालय
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार संग्रहालय राज्य की समृद्ध इतिहास, संस्कृति और कला का प्रतीक है। दुनिया के 100 सर्वश्रेष्ठ संग्रहालयों की सूची में इसे नौवां स्थान मिला है। वहीं, एशिया में इसे पहला स्थान प्राप्त हुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने इस उपलब्धि का जिक्र कर बिहार की विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है।
युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश
सीएम ने कहा कि ‘मन की बात’ के 140वें एपिसोड में प्रधानमंत्री ने नशामुक्त भारत बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की।
प्रधानमंत्री ने उन युवाओं के अनुभव भी साझा किए, जिन्होंने नशे की लत से बाहर निकलकर नई जिंदगी शुरू की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संदेश युवाओं के बेहतर भविष्य और स्वस्थ समाज के लिए महत्वपूर्ण है।
फिटनेस और साइबर सुरक्षा पर भी दिया जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ने फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को जनआंदोलन बनाने की बात कही। उन्होंने लोगों से नियमित व्यायाम, खेलकूद और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
इसके अलावा साइबर सुरक्षा और डिजिटल जागरूकता पर भी प्रधानमंत्री ने महत्वपूर्ण संदेश दिया। आज के तकनीकी दौर में यह हर नागरिक के लिए जरूरी है।
समाज को जोड़ने का काम करता है मन की बात
सम्राट चौधरी ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम देश की उपलब्धियों, प्रेरणादायक लोगों और सामाजिक कार्यों को सामने लाता है। यह कार्यक्रम लोगों को समाज और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी के लिए प्रेरित करता है।
मुख्यमंत्री ने बिहार की विरासत को सम्मान देने और युवाओं को सकारात्मक संदेश देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दोबारा आभार व्यक्त किया।





