भागलपुर: बिहार के भागलपुर में विक्रमशिला सेतु की मरम्मत और मजबूती का काम तेजी से चल रहा है। रविवार को बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र ने सेतु का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और इंजीनियरों से चल रहे कार्यों की जानकारी ली और काम की प्रगति की समीक्षा की।
मंत्री ने कहा कि सेतु की मजबूती, सुरक्षा और बेहतर यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखकर मरम्मत का काम किया जा रहा है।
चार स्टील गर्डर ब्रिज की लॉन्चिंग पूरी
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने बताया कि सेतु पर चार स्टील गर्डर ब्रिज लगाने का काम पूरा हो चुका है। अब इन चारों हिस्सों पर डेक शीट बिछाने का काम तेजी से चल रहा है।
इसके अलावा आईआईटी पटना की तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर नेविगेशनल स्पैन को मजबूत करने और उसकी मरम्मत का काम भी जारी है। सेतु के अलग-अलग हिस्सों में रैंप बनाने का काम भी किया जा रहा है।
20 एक्सपेंशन जॉइंट बदले गए
विक्रमशिला सेतु के कुल 67 स्पैन के एक्सपेंशन जॉइंट बदलने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें से अब तक 20 एक्सपेंशन जॉइंट बदले जा चुके हैं।
वहीं, नेविगेशनल स्पैन के कुल 40 बेयरिंग में से 22 को बदला जा चुका है। इसके अलावा नॉन-नेविगेशनल स्पैन में एक नया बेयरिंग लगाया गया है और पुराने बेयरिंग की मरम्मत का काम भी पूरा कर लिया गया है।
पुराने फुटपाथ और रेलिंग हटाने का काम जारी
सेतु पर वजन कम करने के लिए पुराने फुटपाथ और रेलिंग हटाए जा रहे हैं। इनकी जगह हल्की रेलिंग लगाई जा रही है। इसके साथ ही पुल और उसके अप्रोच रोड को बेहतर बनाने के लिए भी काम चल रहा है।
जल्द पूरा होगा मरम्मत का काम: मंत्री
निरीक्षण के बाद मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में पथ निर्माण विभाग विक्रमशिला सेतु की मरम्मत जल्द पूरी करने के लिए प्रयास कर रहा है।
उन्होंने कहा कि यह पुल भागलपुर और आसपास के जिलों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। मरम्मत का काम पूरा होने के बाद लोगों को सुरक्षित और बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। इससे स्थानीय व्यापार और आसपास के जिलों के बीच संपर्क भी मजबूत होगा।





