नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आने वाले समय में पूरे भारत में ‘कमल’ खिलेगा। सोमवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि हम सिर्फ नीतियों में और नीतियों की बारीकियों में ही अलग नहीं हैं बल्कि उनके नतीजे भी अलग हैं। उन्होंने कहा कि आज भाजपा देश में सबसे मजबूत पार्टी, राज्यों में शासन करने वाली पार्टी, सबसे बड़ी सांसदों और विधायकों की सदस्य संख्या वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि भाजपा रुकने वाली नही है और अभी भी कुछ प्रदेश बच गए हैं, वहां भी हमारा परचम लहराना बाकी है।

नड्डा ने कहा ‘ पार्टी ने जो प्रेम, विश्वास, सहयोग दिया है उसके लिए वह सभी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हैं। विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के काम को संभालने और उसे आगे ले जाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पार्टी संगठन ने जो मुझ पर विश्वास किया है उसके लिए मैं सभी को धन्यवाद देता हूं।’
भाजपा अध्यक्ष ने प्रदेश इकाइयों और कार्यकर्ताओं का भी आभार जताया। उन्होंने कहा कि निर्विरोध मुझे जो काम करने का अवसर दिया है गया इसके लिए प्रदेश की सभी इकाइयों का वह आभार व्यक्त करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वह पूरी ताकत के साथ संगठन के लेकर आगे बढ़ेंगे और पूरे देश में भाजपा का कमल खिलाने के लिए काम करेंगे।


