नई दिल्ली : लुधियाना के एक रिहायशी ग्यासपुरा इलाके में रविवार को एक फैक्ट्री से गैस का रिसाव होने से कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई और कई लोग बीमार हो गए। बताया जा रहा है करीब 10 लोग बेहोश हैं। कई लोगों ने सांस लेने में तकलीफ की शिकायत भी दर्ज कराई है। मौके पर एनडीआरएफ की टीम ने पूरे इलाके को सील कर दिया है। मृतकों में ज्यादातर लोग बिहार के रहने वाले हैं। उनके शवों को लुधियाना के सिविल अस्पताल में लाया गया है। यहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि सांस लेने में दिक्कत की शिकायत करने वाले करीब 10 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। गैस पीड़ितों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। साथ ही इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत है। कुछ लोग जान बचाने के लिए अपने अपने घरों से बाहर आ गए। शुरुआत में लुधियाना एडीसीपी समीर वर्मा ने बताया कि हमें गैस लीक होने की सूचना मिली। हादसे में 5-6 लोगों की मृत्यु हुई है। 5-6 लोगों को अस्पताल ले जाया गया है। इस क्षेत्र को सील किया जा रहा है। मौके पर एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। पर नवीनतम जानकारी के अनुसार, अब मौत की संख्या बढ़ कर 11 हो गई है।
पंजाब के सेहत मंत्री बलबीर सिंह घायलों को हाल जानने के लिए लुधियाना के सिविल अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने बताया कि सभी लोगों की हालत अभी खतरे से बाहर है। प्राथमिक जानकारी में यही बात सामने आई है कि सीवरेज गैस (हाइड्रोजन सल्फाइड) की वजह से यह हादसा हुआ है। उसी गैस के लक्षण लग रहे हैं।
मृतकों के परिजनों को दो लाख के अनुग्रह राशि का ऐलान
लुधियाना में हुई गैस रिसाव घटना पर उपायुक्त सुरभि मलिक ने कहा कि इस घटना में 11 लोगों की मृत्यु हो गई है। सरकार ने मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपए के अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। हादसे में घायल हुए लोगों को सरकार 50,000 रुपए की अनुग्रह राशि और सभी आवश्यक चिकित्सा सहायता प्रदान करेगी।



