भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने 20वीं शताब्दी में ऐसे अनेक उल्लेखनीय कार्य किए, जिनसे 1000 वर्ष की गुलामी की विसंगतियां दूर हुईं। इन्हीं के आधार पर आज भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश बना है। डॉ. अंबेडकर के जीवन के योगदान बहुआयामी हैं, उन्हें भारत में भविष्य की चुनौतियों का आभास हो चुका था, यद्यपि उनका जीवन बहुत कठिनाई के साथ बीता, लेकिन वे ऐसे व्यक्ति थे, जिन्होंने स्वयं के संघर्ष से सीख ली और अपने जैसे दूसरे लोगों की मदद की। बाबा साहेब ने स्वयं की शिक्षा में कोई कसर नहीं रहने दी, इससे यह प्रेरणा मिलती है कि व्यक्ति के जीवन में शिक्षा में कभी कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। बाबा साहेब द्वारा समाज के बंधुत्व और उत्थान के लिए किए गए कार्य भूतो न भविष्यति हैं।
यह भी पढ़े : विक्रमोत्सव भारत के उत्कर्ष और नव जागरण का अभियान : मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को महू में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उनकी जन्मस्थली डॉ. अंबेडकर नगर (महू) में श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मंचासीन अतिथियों ने ’संवैधानिक सामाजिक न्यायः एक चिंतन’ पुस्तक का विमोचन किया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहेब ने समूचे समाज को आरक्षण जैसी व्यवस्था प्रदान की। आज अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति सहित हर वर्ग को साक्षरता का लाभ मिल रहा है। अनुसूचित जाति वर्ग की साक्षरता जो कभी मात्र 1.5 प्रतिशत थी, आज 59 प्रतिशत तक पहुंच गई है। भविष्य में जब-जब कठिनाई आएगी, हम सर्वहारा वर्ग के सशक्तिकरण का ध्यान रखेंगे। डॉ. अंबेडकर ने सामाजिक सशक्तिकरण के लिए मजबूत संविधान बनाया और देश को लोकतंत्र दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने डॉ. अंबेडकर से जुड़े सभी स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में मान्यता दी। महू स्थित भीम जन्मभूमि को तीर्थ के रूप में विकसित करने में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्रद्धेय सुंदरलाल पटवा और शिवराजसिंह चौहान का योगदान महत्वपूर्ण है।
डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा भीम जन्मस्थली महू में धर्मशाला निर्माण के लिए 3.5 एकड़ जमीन दी जा रही है। इससे यहां आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा होगी, सभी आगंतुकों की संपूर्ण सुविधा का प्रबंध राज्य सरकार की ओर से किया जाएगा। राज्य सरकार ने सर्वहारा वर्ग और प्रदेश के किसानों को समृद्ध बनाने के लिए डॉ. अंबेडकर कामधेनु योजना शुरू की है। अगर अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग का कोई व्यक्ति दूध डेयरी खोलेगा, तो उसे हमारी सरकार द्वारा 30 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। केंद्र सरकार की ओर से एक दिन पहले ही बाबा साहब की जन्मस्थली महू को नई ट्रेन की सौगात मिली है। अब महू शहर सीधा देश की राजधानी दिल्ली से जुड़ गया है। इस रेलगाड़ी की शुरुआत का लाभ कोटा के साथ-साथ मालवा क्षेत्र के इंदौर, उज्जैन और देवास को भी मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लंदन में भी डॉ. अंबेडकर का भव्य स्मारक बना है, इसी स्थान पर उन्होंने शिक्षा प्राप्त की थी। यह एक आवासीय क्षेत्र है। अंग्रेजों ने स्मारक बनाने का काफी विरोध किया, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से वहां भी तीर्थ का निर्माण हो चुका है। प्रधानमंत्री मोदी ने अनुच्छेद 370 हटाकर जम्मू-कश्मीर को उसका अधिकार वापस दिया है। बाबा साहेब डॉ.अम्बेडकर ने भी अनुच्छेद 370 को स्वीकार नहीं किया था।
बाबा साहब ने संविधान देकर देश को सजाने व संवारने का कार्य कियाः डॉ. महेन्द्र सिंह
भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि आज से 48 हजार 911 दिन पहले आज ही के दिन उस दिव्य आत्मा का अवतरण हुआ था, जिन्होंने भारत को संविधान दिया। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को सजाने व संवारने का कार्य किया है। वह इतने बड़े महापुरूष थे कि आज विश्व के 120 देशों में उनकी जन्म जयंती मनाई जा रही है। बाबा साहब ने समाज को नारा दिया था शिक्षित हो, संगठित बनो और संघर्ष करो। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार बाबा साहब के बनाए संविधान के आधार पर देश की सेवा करने के साथ बाबा साहब के सपने को साकार कर रहे हैं।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, प्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश महामंत्री व सांसद कविता पाटीदार, पूर्व मंत्री और विधायक ऊषा ठाकुर, अजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ताओं ने भी बाबा साहब की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया।