दारू (हजारीबाग)। हजारीबाग जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। दारू थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-522 सिवाने पुल के पास छापामारी कर पुलिस ने एक डस्टर कार से कुल 48.1 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। यह कार्रवाई 16 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, विष्णुगढ़ बैजनाथ प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर सफेद रंग की डस्टर कार (संख्या डब्ल्यूबी-74एए-6328) को घेर लिया।
यह भी पढ़े : नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 48.1 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार
पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे दौड़ाकर पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम चंदन कुमार, पिता तेजनारायण सिंह, निवासी नामकुम, रांची बताया। तलाशी के दौरान वाहन से पारदर्शी प्लास्टिक में लिपटे 13 पैकेट गांजा तथा ओप्पो कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।पूछताछ के क्रम में आरोपी चंदन कुमार ने कबूल किया कि वह अपने सहयोगियों के साथ मिलकर गांजा तस्करी का कार्य करता है। उसने बताया कि डस्टर वाहन के मालिक विश्वनाथ सरकार (निवासी–सिलीगुड़ी, पश्चिम बंगाल) तथा मिट्ठू सिंह (निवासी–रांची) उसके सहयोगी हैं और सभी मिलकर सिल्लीगुड़ी से रांची गांजा की तस्करी करते हैं।इस छापामारी दल में दारू थाना प्रभारी मोहम्मद इकबाल हुसैन सहित थाना के सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस ने वाहन, गांजा एवं मोबाइल फोन को जब्त कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस संबंध में दारू थाना में कांड संख्या 7/2026 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




