चौपारण। थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ हजारीबाग पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। शुक्रवार को ग्राम सिलोदर में पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी अभियान चलाकर लगभग 40 एकड़ में लगी अवैध अफीम की खेती को मौके पर ही नष्ट कर दिया।पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चौपारण थाना अंतर्गत कुछ इलाकों में बड़े पैमाने पर अफीम की अवैध खेती की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ बरही अजित कुमार बिमल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान अफीम की खड़ी फसल को चिन्हित कर ट्रैक्टर एवं मानव संसाधन के माध्यम से विनष्ट किया गया।कार्रवाई के दौरान मौके से तीन डिलीवरी पाइप भी बरामद किए गए, जिन्हें वहीं नष्ट कर दिया गया।
यह भी पढ़े : http://रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी, दक्षिण पूर्व रेलवे की कई ट्रेनों में बढ़ेगी क्षमता
पुलिस द्वारा अवैध खेती में संलिप्त लोगों की पहचान और उनके नाम-पते का सत्यापन किया जा रहा है। दोषियों की पहचान होने के बाद उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इस संयुक्त अभियान में एसडीपीओ बरही अजित कुमार बिमल, बरही अंचल के पुलिस निरीक्षक चंद्रशेखर, चौपारण थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी, एसआई सुबिन्दर राम, एसआई सरवन कुमार पासवान, एएसआई बदल महतो, सशस्त्र बल के जवान एवं वन विभाग के बनपाल सरवन कुमार समेत अन्य कर्मी शामिल रहे।पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग ने बताया कि अफीम की खेती रोकने को लेकर पूर्व में चौपारण थाना क्षेत्र में जागरूकता अभियान भी चलाया गया था। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। ग्राम अहरी में जांच के दौरान पाया गया कि जहां पहले अफीम की खेती होती थी, वहां अब सरसों और मूंगफली जैसी वैध फसलों की खेती की जा रही है।उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध मादक पदार्थों की खेती और तस्करी के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


