DHANBAD : जिले के गोविंदपुर क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी के एससी मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष अमृत दास की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, गोविंदपुर के ऊपर बाजार स्थित उनके घर में उनका शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक के परिजनों ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। अमृत दास की मां और बहन का कहना है कि उनकी दोनों पत्नियों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की और हत्या की घटना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि अमृत दास ने दो सगी बहनों से विवाह किया था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले अमृत दास अपनी छोटी पत्नी के साथ खरीदारी करने गए थे, जिसके बाद घर लौटने पर बड़ी पत्नी के साथ विवाद बढ़ गया। इसी के बाद यह घटना सामने आई।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और सच्चाई सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।




