रामगढ़। जिले के पतरातू प्रखंड में रविवार को हुई तेज बारिश, गर्जना और आकाशीय बिजली गिरने से अलग-अलग गांवों में खेत में काम कर रही तीन महिलाओं की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स भेजा गया है।
यह भी पढ़े : Breaking: झारखंड में आकाशीय बिजली गिरने से 3 महिलाओं की मौत, 2 घायल
जानकारी के अनुसार पतरातू प्रखंड के सांकूल गांव में खेत में काम कर रही रेखा देवी (48), पति भिखू राम और उनकी पुत्री रोशनी कुमारी (22), पिता भिखू राम अचानक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं। वज्रपात इतना तेज था कि दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने दोनों को पतरातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मां और बेटी की एक साथ मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीण भी इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं।
इसी दौरान पतरातू के पलानी गांव में भी खेत में काम कर रही तीन महिलाएं आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं। हादसे में सुशांति देवी (30), पति सुरेंद्र उरांव, सुनीता देवी (32), पति अजय उरांव तथा कंचन कुमारी (20), पिता करिवा महली गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के माध्यम से तीनों को पतरातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने सुशांति देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुनीता देवी और कंचन कुमारी की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) रेफर कर दिया गया।
रविवार को क्षेत्र में तेज बारिश के साथ लगातार गर्जना और बिजली चमक रही थी। इसके बावजूद कई किसान और मजदूर खेतों में कृषि कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान अचानक हुए वज्रपात ने यह बड़ा हादसा कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।



