रामगढ़ । बिहार से रांची जा रही यात्रियों से भरी बस मंगलवार को रामगढ़ थाना क्षेत्र के चुटूपालू घाटी में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई है। यह हादसा एक अनियंत्रित ट्रेलर की वजह से हुआ है। रांची से रामगढ़ की ओर आ रहे टेलर का घाटी में ब्रेक फेल हो गया। इसके बाद वह अनियंत्रित ट्रेलर डिवाइडर को तोड़ते हुए दूसरे लेन में घुसा और रांची की तरफ जा रही बस को जोरदार टक्कर मारी। इस टक्कर के बाद बस और ट्रेलर दोनों ही खाई में पलट गए। बताया जा रहा है कि मरने वालों में एक पुलिसकर्मी भी शामिल है। घटनास्थल पर पहुंचे रामगढ़ थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि राहत बचाव का कार्य किया जा रहा है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि यह बस बिहार के बख्तियारपुर से रांची आ रही थी। हादसे में लगभग 15 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बतायी जा रही है। हादसे में मरने वाला पुलिसकर्मी रांची में ही पदस्थापित था। सड़क दुर्घटना की वजह से रांची-रामगढ़ का एक लेन घंटों जाम रहा। बताया जाता है कि बस जब घाटी पार कर रही थी, इसी दौरान दूसरे लेन पर रांची से आ रहे ट्रेलर का ब्रेक फेल हो गया। जिससे ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और ट्रेलर ने डिवाइडर तोड़कर दूसरे लेन से रांची जा रही बस को टक्कर मार दी। जिससे बस घाटी में ही पलट गर्व। साथ ही ट्रेलर भी घाटी में पलट गया और उसके परखच्चे उड़ गए। ट्रेलर पलटने से खलासी उसमें बुरी तरह फंस गया। पुलिस ने तीनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
© STDigital. Designed by Forever Infotech.



