हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग में अपराधियों ने एक बार फिर गोलीबारी कर दहशत फैला दी। बुधवार रात बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने केरेडारी स्थित चट्टी बारियातू कोल माइंस की एमडीओ कंपनी ऋत्विक माइनिंग के मुख्य गेट पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से तीन खोखे मिले हैं। शुरुआती जांच में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में बाइक सवार दो संदिग्ध नजर आए हैं। पुलिस अब फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने में जुटी है।
सोशल मीडिया पर प्रकाश शुक्ला ने ली जिम्मेदारी, कर्मचारियों को दी धमकी
फायरिंग की घटना के बाद सोशल मीडिया पर प्रकाश शुक्ला नाम के व्यक्ति की एक पोस्ट सामने आई है। इसमें उसने ऋत्विक माइनिंग कंपनी के गेट पर 8 से 10 राउंड गोली चलाने की बात कही है। पोस्ट में कंपनी के अधिकारियों, कर्मचारियों, मुंशियों और अन्य स्टाफ को धमकी भी दी गई है।
पोस्ट में कंपनी का काम बंद कराने की चेतावनी दी गई है। साथ ही साइट पर बम फेंकने की धमकी भी दी गई है। हालांकि, सोशल मीडिया पर किए गए इस दावे की पुलिस ने अब तक पुष्टि नहीं की है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पोस्ट करने वाले व्यक्ति का फायरिंग की घटना से कोई संबंध है या नहीं।
राहुल दुबे गैंग के नाम से पर्चा वायरल, सेटलमेंट नहीं होने पर चेतावनी
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर राहुल दुबे गैंग के नाम से एक कथित पर्चा भी वायरल हो रहा है। इसमें कंपनी से जुड़े सतीश नाम के व्यक्ति को संबोधित किया गया है। पर्चे में सेटलमेंट नहीं होने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई है। इस पर राहुल दुबे, अमन साहू, मयंक सिंह और प्रकाश शुक्ला के नाम लिखे हैं।
वायरल संदेशों में कंपनी को निशाना बनाने और कामकाज बंद कराने की धमकी दी गई है। हालांकि, इस पर्चे की सत्यता और फायरिंग की घटना से इसके संबंध की भी पुलिस ने पुष्टि नहीं की है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पगार ओपी प्रभारी दिनेश मंडल ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई है, जिसमें बाइक पर सवार दो संदिग्ध घटना के बाद भागते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस उनकी पहचान करने में जुटी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की जा रही है।
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि कंपनी के गेट पर फायरिंग किस वजह से की गई और सोशल मीडिया पर धमकी देने वाले लोगों की इसमें क्या भूमिका है। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज के आधार पर जल्द ही संदिग्धों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।




