पटना। दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए धमाके में कई लोगों की मृत्यु की खबर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास धमाका अत्यंत दुःखद और व्यथित करने वाला है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की है।
यह भी पढ़े : दिल्ली में हुए विस्फोट के बाद झारखंड में अलर्ट
मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि दिल्ली में हुए इस दर्दनाक हादसे में कई निर्दोष लोगों की जान जाना अत्यंत दुखद है। शोक संतप्त परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को चिर शांति दें तथा शोक संतप्त परिवारों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें।
उन्होंने इस घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की है। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र और दिल्ली सरकार घटना की पूरी जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए धमाके में कई लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां घटना के कारणों की जांच में जुटी हैं।










