देवघर: राजकीय श्रावणी मेला 2026 की चौथी और अंतिम सोमवारी पर बाबा नगरी में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। मंदिर का पट सुबह 04:13 बजे खुलते ही बाबा बैद्यनाथ के जलार्पण का सिलसिला शुरू हो गया। हर तरफ बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष गूंज रहे हैं।
अंतिम सोमवारी को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। बाबा पर जलार्पण के लिए कांवरियों की कतार रात 02:00 बजे ही नंदन पहाड़ तक पहुंच गई थी। इसके बाद भी श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी रहा।
रूट लाइन में शिवभक्तों का सैलाब उमड़ा हुआ है। कांवरिया कतारबद्ध होकर बाबा का जयघोष करते हुए मंदिर की ओर बढ़ रहे हैं। प्रशासन की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुगम जलार्पण कराने के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है।
अंतिम सोमवारी पर बाबा नगरी पूरी तरह शिवमय हो गई है। चारों ओर सिर्फ एक ही गूंज सुनाई दे रही है—हर-हर महादेव.



