धनबाद। भाजपा की ओर से गुरुवार को निकाली गई तिरंगा यात्रा के दौरान पार्टी के दो कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट हो गई। घटना जिला परिषद मैदान से यात्रा शुरू होने के दौरान हुई। विवाद का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई होती दिखाई दे रही है। वहीं, भाजपा कार्यकर्ता अमरजीत कुमार ने रीता यादव पर डंडे से हमला करने का आरोप लगाया है।
यह भी पढ़े : मोरहाबादी मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह का फुल ड्रेस रिहर्सल, ड्रोन पर रोक
जानकारी के अनुसार, जिला परिषद मैदान से तिरंगा यात्रा शुरू होने के दौरान अमरजीत कुमार और रीता यादव के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद हाथापाई में बदल गया। अमरजीत कुमार का आरोप है कि बातचीत के दौरान भाषा को लेकर आपत्ति जताने पर विवाद बढ़ा और रीता यादव ने डंडे से उन पर हमला किया। मौके पर मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कराया।
घटना के बावजूद तिरंगा यात्रा अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ती रही। यात्रा जिला परिषद मैदान से रणधीर वर्मा चौक होते हुए सिटी सेंटर तक पहुंची। यात्रा का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष श्रवण राय कर रहे थे।
मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष श्रवण राय ने कहा कि दोनों कार्यकर्ताओं के बीच छोटी-मोटी कहासुनी हुई है। दोनों पक्षों को समझा दिया गया है और विवाद की वजह की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।





