नई दिल्ली: शराब नीति घोटाले में सीएम अरविंद केजरीवाल भी घिरते हुए नजर आ रहे हैं। जानकारी के अनुसार केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने इस मामले में सीएम अरविंद केजरीवाल को पूछताछ के लिए 16 अप्रैल को बुलाया है। इसी मामले पर पहले से ही दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया तिहाड़ जेल में बंद है। उनसे सीबीआई और ईडी लगातार इस मामले में पूछताछ कर रही है। शराब घोटाले पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर आरोप है कि आबकारी विभाग के एक ब्यूरोक्रेट ने घोटाले में पूछताछ के दौरान सीबीआई को बयान दिया कि सिसोदिया ने उन्हें केजरीवाल के घर बुलवाया था। उस दौरान वहां सत्येंद्र जैन भी मौजूद थे। इस बैठक में मनीष सिसोदिया ने उन्हें मौखिक रूप से शराब कारोबारियों के लिए कमीशन बढ़ाने के लिए ड्राफ्ट तैयार करने को कहा था। सूत्रों का दावा है कि शराब नीति में हुए घोटाले से आए पैसों का इस्तेमाल आम आदमी पार्टी ने गोवा चुनाव में किया था।





