रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय(Vishnu Deo Sai) ने सुकमा जिले के जगरगुंडा थाने के टेकलगुड़ेम में, नक्सलियों और सुरक्षा बल के जवानों के बीच हुए मुठभेड़ में घायल जवानों से मिलने व हाल जानने के लिए देर रात नारायणा और बालाजी अस्पताल पहुंचे। CM ने दोनों अस्पतालों में इलाजरत जवानों से उनका कुशलक्षेम जाना और चिकित्सकों को घायल जवानों का बेहतर से बेहतर इलाज करने का निर्देश दिया। बता दें कि, सुकमा जिले के जगरगुंडा थाने के टेकलगुड़ेम में नक्सलियों और सुरक्षा बल के जवानों के बीच हुई मुठभेड में सुरक्षा बल के तीन जवान शहीद हो गए, जबकि 14 जवान घायल हुए हैं। घायल हुए 8 जवानों को बेहतर चिकित्सा के लिए शहर के नारायणा और बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्य घायल जवानों का इलाज मेडिकल कॉलेज जगदलपुर में जारी है।

CM ने घायल जवानों से मुलाकात के बाद कहा कि, राज्य मेें नक्सलियों के खिलाफ लड़ाई और तेज होगी। छत्तीसगढ़(Chhattisgarh) में नक्सलवाद अब अपने खात्मे की ओर है। लड़ाई हम जीतेंगे। हम आने वाले समय में नक्सलवाद को खत्म करके रहेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि, राज्य में जब से डबल इंजन की सरकार बनी है, नक्सलियों के विरूद्ध लड़ाई तेज हुई है। माओवाद प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों की प्रभावी कार्यवाही और दखल के चलते नक्सलियों के पांव उखड़ने लगे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस घटना में शहीद हुए तीन जवानों की शहादत को नमन किया है। उन्होंने शहीद जवानों के परिवारजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।


