धनबाद। जिले के महुदा मोड़ चौक स्थित गोपाल महतो के कचड़ा गोदाम में मंगलवार की अहले सुबह भीषण आग लग गयी। आग की जद में कुछ घर भी आ गए। स्थानीय लोगों के अथक प्रयास के बावजूद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद दमकल की छह गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से लाखों रुपये की संपत्ति के जलने का अनुमान है।
स्थानीय लोगों के अनुसार आग सुबह करीब पांच बजे के आसपास गोपाल महतो के कचड़ा गोदाम में लगी। आग लगने के कारणों का तो अबतक पता नहीं चल सका है। आग से उठते धुंआ को पांच किलोमीटर की दूरी से देखा जा सकता था। कचड़ा गोदाम में रखे प्लास्टिक के सामानों में आग लगी। आग वहां स्थित कुछ घरों तक फैल गई। धुंआ उठता देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और महुदा थाना एवं दमकल विभाग को खबर दी। सूचना के लगभग एक घंटे बाद एक-एक कर दमकल की छह गाड़ियों वहां पहुंची और स्थानीय पानी टेंकरो की मदद से आग पर काबू पाया।