गिरिडीह: पारसनाथ शिखरजी के दर्शन कर लौट रहे जैन श्रद्धालुओं के सफर में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। गिरिडीह के मधुबन थाना क्षेत्र स्थित कल्याण निकेतन के पास श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पहले पेड़ से टकराई और फिर सड़क पर पलट गई। इस हादसे में गुजरात के सूरत निवासी पति-पत्नी की जान चली गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
मृतकों की पहचान 56 वर्षीय बाबूलाल वंशराज और उनकी 49 वर्षीय पत्नी बादामी देवी के रूप में हुई है। दोनों सूरत के रहने वाले थे।
जानकारी के अनुसार, जैन श्रद्धालुओं का एक समूह 10 वाहनों में सवार होकर पारसनाथ शिखरजी दर्शन करने पहुंचा था। दर्शन के बाद सभी लोग टाटा लौट रहे थे। इसी दौरान कल्याण निकेतन के पास एक बस के चालक का नियंत्रण बिगड़ गया। देखते ही देखते बस पेड़ से टकराकर पलट गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे। डुमरी एसडीपीओ आबिद खान, मधुबन थाना प्रभारी मणिलाल सिंह और पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने राहत-बचाव कार्य की कमान संभाली। स्थानीय ग्रामीणों ने भी पुलिस के साथ मिलकर बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
घायलों को तत्काल पीरटांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने दो श्रद्धालुओं की हालत गंभीर बताई है। बेहतर इलाज के लिए उन्हें बड़े अस्पताल भेजने की तैयारी की जा रही है।
हादसे की वजह तलाश रही पुलिस
पुलिस ने मृत दंपती के शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
डुमरी एसडीपीओ आबिद खान ने बताया कि जैन तीर्थयात्रियों से भरी बस पलट गई थी। हादसे में गुजरात के एक दंपती की मौत हुई है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और राहत-बचाव कार्य पूरा किया गया है।




