कटिहार: बिहार में जमीन से जुड़े विवादों के निपटारे और राजस्व न्यायालयों की व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए सोमवार, 23 नवंबर 2026 को राजस्व न्यायालय प्रबंधन प्रणाली (RCMS) की शुरुआत की गई। पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस राज्यव्यापी डिजिटल व्यवस्था का शुभारंभ हुआ।
इस मौके पर कटिहार समाहरणालय स्थित एनआईसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष से जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी सहित जिले के कई अधिकारी जुड़े। इनमें अपर समाहर्ता, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता (DCLR), अंचलाधिकारी और राजस्व कर्मी शामिल रहे।
अब घर बैठे ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे जमीन के मामले
नई व्यवस्था लागू होने से लोगों को जमीन से जुड़े मामलों के लिए सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। अब दाखिल-खारिज, जमाबंदी में सुधार, जमीन का बंटवारा, अतिक्रमण और अन्य राजस्व विवादों से जुड़े मामले ऑनलाइन दर्ज किए जा सकेंगे।
वादी और प्रतिवादी घर बैठे अपना मुकदमा ऑनलाइन दाखिल कर सकेंगे। इसके साथ ही सुनवाई की तारीख, न्यायालय के आदेश और मामले की स्थिति की जानकारी भी पोर्टल और एसएमएस के माध्यम से मिल सकेगी।
राजस्व न्यायालयों में आएगी पारदर्शिता
इस नई डिजिटल प्रणाली से राजस्व न्यायालयों के कामकाज में पारदर्शिता आने की उम्मीद है। साथ ही मामलों का निपटारा तय समय सीमा के अंदर करने में मदद मिलेगी। ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू होने से आम लोगों को काफी राहत मिलेगी और सरकारी कामकाज भी आसान होगा।
डीएम ने सभी अंचल अधिकारियों को दिया निर्देश
जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने जिले के सभी अंचल अधिकारियों और राजस्व न्यायालयों को आरसीएमएस प्रणाली तत्काल प्रभाव से लागू करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि सभी लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर पोर्टल पर अपलोड किया जाए और उनका जल्द से जल्द निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
डिजिटल व्यवस्था से भूमि विवादों के समाधान में मिलेगी तेजी
डीएम ने उम्मीद जताई कि पेपरलेस व्यवस्था और डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रहने से राजस्व प्रशासन में बड़ा बदलाव आएगा। इससे कटिहार जिले में जमीन से जुड़े विवादों का तेजी से समाधान हो सकेगा और आम लोगों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।




