अररिया। अररिया बिजली कार्यालय के समीप एनएच-327ई पर रविवार को तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने स्कूली बच्चों से भरे ई-रिक्शा में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक समेत छह बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। दो बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया गया। वहीं, ई-रिक्शा चालक और अन्य बच्चों का इलाज सदर अस्पताल में जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा कई मीटर दूर जाकर पलट गया। वहीं, कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घायल बच्चे अररिया जीरो माइल के समीप स्थित अल गजाली इंटरनेशनल स्कूल के बताए जा रहे हैं। स्थानीय निवासी संतोष मंडल ने बताया कि सभी बच्चे ई-रिक्शा से स्कूल जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। वहीं, घायलों की जानकारी मिलने पर उनके परिजन भी बड़ी संख्या में सदर अस्पताल पहुंचे।
इस हादसे के बाद निजी स्कूलों द्वारा बच्चों को ई-रिक्शा से लाने-ले जाने की व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त ई-रिक्शा अल गजाली इंटरनेशनल स्कूल का बताया जा रहा है।




