लखनऊ: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की ओर से रविवार को प्लाटून कमांडर/ब्लॉक ऑर्गनाइजर और हवलदार प्रशिक्षक मुख्य परीक्षा-2026 आयोजित की गई। दोनों परीक्षाएं लखनऊ के 48 केंद्रों पर दो पालियों में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुईं।
इन परीक्षाओं के माध्यम से कुल 504 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए 21,806 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए थे, जिनमें से 10,988 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में हिस्सा लिया।
पहली पाली में 6,211 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
पहली पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्लाटून कमांडर/ब्लॉक ऑर्गनाइजर मुख्य परीक्षा आयोजित हुई। इस परीक्षा में 295 पदों के लिए 11,781 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए थे। इनमें से 6,211 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। उपस्थिति 52.72 प्रतिशत रही।
दूसरी पाली में 4,777 अभ्यर्थी हुए शामिल
दूसरी पाली में दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक हवलदार प्रशिक्षक मुख्य परीक्षा हुई। इसमें 209 पदों के लिए 10,025 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए थे। परीक्षा में 4,777 अभ्यर्थी शामिल हुए। इस तरह उपस्थिति 47.65 प्रतिशत दर्ज की गई।
AI और बायोमेट्रिक से हुई अभ्यर्थियों की पहचान
परीक्षा में नकल और फर्जीवाड़ा रोकने के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया गया। सभी परीक्षा केंद्रों पर फेशियल रिकॉग्निशन, आधार आधारित प्रमाणीकरण और बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था की गई थी।
अभ्यर्थियों की फोटो और आइरिस बायोमेट्रिक भी दर्ज की गई। इसके बाद पहले की परीक्षा में दर्ज बायोमेट्रिक डाटा से मिलान किया गया, ताकि कोई दूसरा व्यक्ति अभ्यर्थी की जगह परीक्षा न दे सके।
1,200 CCTV कैमरों से हुई निगरानी
परीक्षा को सुरक्षित और निष्पक्ष बनाने के लिए सभी 48 केंद्रों पर करीब 1,200 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। इसके अलावा 136 सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा करीब 2,500 अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई थी।
आयोग और जिला मुख्यालयों में कंट्रोल रूम बनाकर परीक्षा केंद्रों की लाइव निगरानी की गई।
मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर रही रोक
परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल नेटवर्क और इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से नकल रोकने के लिए जैमर लगाए गए थे। अभ्यर्थियों की जांच के बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया।
मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच और स्मार्ट ग्लास जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को परीक्षा कक्ष में ले जाने की अनुमति नहीं थी। परीक्षा में तैनात कर्मचारियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति भी अनिवार्य की गई थी।
पुलिस और प्रशासन की निगरानी में हुई परीक्षा
परीक्षा के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, पुलिस, एसटीएफ और इंटेलिजेंस की टीमों ने मिलकर काम किया। परीक्षा से पहले सभी केंद्रों का निरीक्षण और कर्मचारियों को जरूरी प्रशिक्षण दिया गया था।
आयोग के अनुसार, अभ्यर्थियों के प्रवेश से लेकर परीक्षा समाप्त होने और प्रश्नपत्रों व अन्य सामग्री के सुरक्षित प्रबंधन तक सभी सुरक्षा नियमों का पालन कराया गया। आयोग ने परीक्षा के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार जताया।




